आम बजट से प्रदेश बनेगा खुशहाल: सुरेश खन्ना

उत्तर प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि देश का आम बजट आते ही विपक्ष पूरी तरह बेरोजगार हो गया है और सिर्फ मनगड़ंत बयान दिए जा रहे हैं। इस आम बजट से उत्तर प्रदेश में खुशहाली आएगी। बजट में चिकित्सा, कृषि और शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है। वित्तमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए तंज भी किए।


रविवार शाम भाजपा ब्रज प्रदेश अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी के यहां एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्ष 2014, 2017, 2019 में प्रदेश और देश की जनता ने विपक्ष को पूरी तरह नकार दिया। बजट को लेकर विपक्ष सिर्फ बयानबाजी कर रहा है।

विपक्ष के पास कोई ठोस जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस आम बजट से उत्तर प्रदेश में किसानों को खुशहाली मिलेगी। पीपीपी मॉडल लागू होने से विकास की दर बढ़ेगी। चिकित्सा और कृषि के क्षेत्र में इस बजट में खास उपलब्धियां रहीं हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मेधावियों को प्रोत्साहन देने के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किया गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास तकनीकि कोई ज्ञान नहीं है।